साकेत अस्पताल में मरीजों को मिलेगी लिफ्ट सुविधा, राज्यपाल ने किया शिलान्यास
-लिफ्ट स्थापना में गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन करें सुनिश्चित : राज्यपाल
चंडीगढ़, 08 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने शनिवार को पंचकूला स्थित मदर टेरेसा साकेत ऑर्थोपेडिक अस्पताल में पेशेंट लिफ्ट की आधारशिला रखी। लिफ्ट लगाने पर लगभग 73.31 लाख रुपये की लागत आएगी और इसे छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष भी मौजूद रहीं।
राज्यपाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि लिफ्ट की स्थापना निर्धारित नियमों और तकनीकी मानकों के अनुरूप की जाए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लिफ्ट की स्थापना में इस्तेमाल होने वाली प्रत्येक सामग्री उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए, ताकि मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित हो सके।
आधारशिला कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने अस्पताल परिसर का दौरा किया और मरीजों तथा उनके परिजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
राज्यपाल ने अस्पताल के निदेशक को निर्देश दिया कि ओपीडी के बाहर इलाज के लिए प्रतीक्षा कर रहे मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त पंखों की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें प्रतीक्षा के दौरान गर्मी और उमस के कारण किसी प्रकार की परेशानी न हो।
राज्यपाल ने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध नई मशीनों तथा चिकित्सा उपकरणों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निजी वार्ड, प्रतीक्षा कक्ष, मरीजों के लिए पेयजल की व्यवस्था, मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए उपलब्ध शौचालयों तथा इलेक्ट्रोथेरेपी कक्ष का भी जायजा लिया।
राज्यपाल ने अस्पताल प्रशासन से मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।
दौरे के अंत में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अस्पताल परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा