सिरसा: कोचिंग सेंटर संचालक की हत्या करने के तीन दोषियों को उम्रकैद
सिरसा, 21 जुलाई (हि.स.)। सिरसा जिले के ऐलनाबाद में कोचिंग सेंटर संचालक पंजाब सिंह की गोली मारकर हत्या करने के तीन दोषियों को सिरसा की अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। मंगलवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवेंद्र सिंह की कोर्ट ने रणबीर सिंह, गुरविंद्र और हरमीत सिंह को दोषी करार ठहराते हुए यह फैसला सुनाया। दोषियों को एक-एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
मामले के अनुसार आरोपियों ने 6 दिसंबर 2021 को सेंटर संचालक पंजाब सिंह को गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक पंजाब सिंह के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच के अनुसार रणबीर सिंह को अपनी पत्नी और पंजाब सिंह के बीच अवैध संबंधों का शक था। इसी के चलते रणबीर सिंह ने दोस्त गुरविंद्र सिंह के साथ पंजाब सिंह को मारने की साजिश रची। आरोपी गुरविंद्र सिंह ने रणबीर सिंह को बताया कि उसका दोस्त हरमीत सिंह उन्हें अवैध हथियार दे उपलब्ध करवा सकता है।
हरमीत सिंह ने एक पिस्तौल व नौ कारतूस रणबीर सिंह को लाकर दे दिए। रणबीर सिंह और गुरविंद्र सिंह ने पंजाब सिंह रेकी करनी शुरू कर दी। उन्हें पता चला कि पंजाब सिंह ऐलनाबाद स्थित अपने कोचिंग सेंटर से मोटरसाइकिल से रोजाना गांव जाता है। 6 दिसंबर को पंजाब सिंह बाइक पर सवार होकर गांव जा रहा था तो रास्ते में रणबीर सिंह व गुरविंद्र सिंह ने पिस्तौल से पांच गोलियां उसे मार दीं।
इससे पंजाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जिला न्यायवादी विनोद भांभू के अनुसार आरोपी रणबीर सिंह को शक था कि उसकी पत्नी के मृतक पंजाब सिंह के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते रणबीर ने दोस्त गुरविंद्र के साथ मिलकर वारदात की साजिश रची। तीसरे आरोपी हरमीत सिंह ने वारदात में प्रयुक्त हथियार उपलब्ध करवाया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma