हिसार : बिजली कर्मचारियों की एकजुटता से समानांतर लाइसेंस के प्रयासों पर लगा अंकुश : रोडवेज यूनियन

 




अन्य विभागों के कर्मचारियों के सहयोग से सरकार पर बढ़ा दबाव

रोडवेज वर्करज यूनियन ने बिजली कर्मियों को दी बधाई

हिसार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा रोडवेज वर्करज

यूनियन ने बिजली वितरण के समानांतर लाइसेंस के मुद्दे पर बिजली कर्मचारियों की एकजुटता

का समर्थन किया है। यूनियन ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल में अन्य

विभागों के कर्मचारियों ने भी खुलकर सहयोग दिया, जिससे सरकार पर दबाव बढ़ा और बिजली

यूनियन नेताओं को बातचीत के लिए बुलाया गया।

यूनियन के राज्य उपप्रधान राजकुमार चौहान और हिसार डिपो के वरिष्ठ उपप्रधान

दयानंद सरसाना ने शनिवार काे कहा कि निजी कंपनी को समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने का प्रयास

जनहित और सरकारी बिजली विभाग के हितों के विपरीत था। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के

संभावित प्रभावों को देखते हुए बिजली कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल का ऐलान किया, जिससे

सरकार को इस मुद्दे पर बातचीत करने के लिए आगे आना पड़ा। उन्होंने आशंका जताई कि यदि

बिजली कर्मचारी एकजुट होकर इस व्यवस्था का विरोध नहीं करते, तो समानांतर बिजली वितरण

व्यवस्था को हरियाणा के अन्य जिलों में भी लागू करने का रास्ता खुल सकता था। उनके अनुसार,

बिजली कर्मचारी यूनियनों की त्वरित लामबंदी और अन्य विभागों के कर्मचारियों के समर्थन

से सरकार पर दबाव बना। राजकुमार चौहान और दयानंद सरसाना ने हड़ताल को सफल बनाने के लिए बिजली कर्मचारी

यूनियनों को बधाई दी। साथ ही, आंदोलन के दौरान सहयोग देने वाले अन्य विभागों के कर्मचारियों

का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी एकजुट होकर अपने अधिकारों, विभागों

और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर