हिसार : ममेरी बहन के घर से लौट रहे भाई की हादसे में मौत

 

एक गंभीर, पुलिस जांच में जुटी

हांसी, 21 अप्रैल (हि.स.)। भिवानी रोड स्थित

मिलकपुर गांव के समीप एक ट्रैक्टर व कार की भिड़ंत में कार चालक की मौत हो गई, जबकि

कार में सवार एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान विकास नगर कालोनी निवासी

32 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है। हादसे में घायल बच्चे को हांसी के निजी अस्पताल

में भर्ती करवाया गया है।

सूचना मिलने पर बवानीखेड़ा थाना पुलिस ने हांसी

नागरिक अस्पताल पहुंच शव को कब्जे में लेकर मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर

चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने तथा गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला

दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप मामले की जांच आरंभ कर दी है।

नागरिक अस्पताल में मौजूद मृतक के मामा अनिल

कुमार ने मंगलवार को बताया कि उसके भाई अशोक की बेटी को पुत्र पैदा हुआ था और दोहता

होने की खुशी परिवार के सदस्य कुंआ पुजन के लिए पीलिया (छुछक) देने के लिए भिवानी जिले

के गांव सुई गये थे। कुंआ पुजन के उपरांत मोनू अपनी कार में वापस हांसी

आ रहा था। जैसे ही उनकी कार मिलकपुर गांव के समीप पहुंची और आगे चलकर रहे ट्रैक्टर

को क्रास करने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर चालक ने अचानक से अपने ट्रैक्टर को मोड़

दिया जिससे मोनू की कार ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई और ट्रैक्टर को टक्कर लगते ही

कार के परखच्चे उड़ गए। कार चालक मोनू व कार में सवार एक 12 वर्षीय बच्चा गंभीर

रूप से घायल हो गए। हादसे के ट्रैक्टर चालक अपने ट्रैक्टर को मौके पर छोड़ वहां से

फरार हो गया।

दूसरे वाहनों में सवार होकर वापस आ रहे परिवार के सदस्यों ने दोनों

घायलों को कार से निकाल कर उपचार के लिए हांसी नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों

ने मोनू को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद

हिसार रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे हांसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया

है जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक अपने पीछे छोटे छोटे दो बच्चे एक लड़का

व लड़की छोड़ गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर