सिरसा: हरियाणा में कानून व्यवस्था बदहाल : सैलजा
सिरसा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कैथल में दिनदहाड़े एक शराब व्यापारी को 25 गोलियां मारे जाने की घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है।
सांसद कुमारी सैलजा ने रविवार को कहा कि कुछ दिन पूर्व रोहतक बाइपास पर हुई गैंगवार की घटना भी बेहद गंभीर और चिंताजनक है। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने प्रदेश में भय का वातावरण पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि आम नागरिक, व्यापारी, महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हाल के दिनों में फिरौती की बढ़ती घटनाएँ और गैंगस्टरों की खुलेआम गतिविधियाँ अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायकों तक से रंगदारी मांगे जाने की घटनाएं बताती हैं कि अपराधियों में कानून का भय लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना किसी भी सरकार का प्रथम दायित्व होता है, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार इस मोर्चे पर विफल दिखाई दे रही है। यदि अपराधी दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम देते रहे हैं और उन पर समय रहते कठोर कार्रवाई न हो, तो जनता का शासन और प्रशासन से विश्वास डगमगाना स्वाभाविक है। सैलजा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा कानून का राज स्थापित कर जनता में भरोसा बहाल किया जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार इस गंभीर स्थिति को हल्के में न लेते हुए तुरंत ठोस कदम उठाएगी ताकि हरियाणा में शांति, सुरक्षा और कानून का शासन पुन: मजबूत हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma