पानीपत: प्रापर्टी डीलर के घर से में लाखों की चोरी
पानीपत, 22 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत स्थित राकेश नगर में बीती रात चोरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के घर का निशाना बनाया। चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के दौरान प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी की नींद खुल गई और उसने एक युवक को दबोच लिया लेकिन वह खुद को छुड़ाकर भाग गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
प्रॉपर्टी डीलर सतीश ओम प्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत रात्रि वह अपने परिवार के साथ सो रहे थे। आधी रात के बाद उनकी पत्नी पानी पीने के लिए उठी। जैसे ही वह कमरे में मुड़ी, उन्होंने एक व्यक्ति को वहां खड़ा पाया। सतीश की पत्नी ने बहादुरी दिखाते हुए तुरंत उस अज्ञात व्यक्ति का हाथ पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य जागते, इससे पहले ही आरोपी ने झटके से अपना हाथ छुडाया और सीढ़ियों के रास्ते छत पर चढ़कर फरार हो गया। अंधेरा होने के कारण आरोपी का चेहरा स्पष्ट नहीं दिख सका। परिवार को लगा कि शायद चोर खाली हाथ भाग गया है, लेकिन सुबह उठने के बाद जब सतीश ने अपने कमरे की अलमारी चेक की, तो उसे तगड़ा झटका लगा। क्योंकि अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था और उसमें रखे दो लाख 87 हजार रुपए गायब थे। थाना किला प्रभारी सुरेश ने बताया कि आज सतीश की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है ओर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर संदिग्धों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा