सोनीपत: रोड सेफ्टी क्विज में दो लाख 28 हजार विद्यार्थियों ने लिया भाग
सोनीपत, 31 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य
से रोड सेफ्टी क्विज प्रतियोगिता 2026-27 के प्रथम चरण का आयोजन सोमवार को जिले के
सातों खंडों में हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के करीब दो लाख 28 हजार 560 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वहीं जिले के विभिन्न
कॉलेजों के करीब 1,200 विद्यार्थी भी प्रतियोगिता में शामिल हुए।
पुलिस
आयुक्त सोनीपत ममता सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता एक घंटे की निर्धारित
अवधि में कराई गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से जुड़े
सवालों के जवाब दिए। प्रतियोगिता के दौरान पुलिस विभाग की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं की
गईं, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पूरा हुआ। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात
नरेश अहलावत ने बताया कि प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने बड़ी
संख्या में भाग लिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क
सुरक्षा, यातायात नियमों और सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक करना है। विद्यार्थियों
को नियमों की जानकारी देकर जिम्मेदार व सुरक्षित सड़क उपयोगकर्ता बनने के लिए प्रेरित
किया जा रहा है। सोनीपत
पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर
भाग लें और यातायात नियमों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। पुलिस का कहना है कि
विद्यार्थियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश उनके परिवार और समाज तक पहुंचाने
का भी प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना