हरियाणा सरकार का बड़ा तोहफा: 35 लाख लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए 1129 करोड़ रुपये

 

-लाडो लक्ष्मी की 11वीं किस्त भी जारी, अब तक 2254.47 करोड़ जारी

चंडीगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने गुरुवार को एक साथ प्रदेश के 35.06 लाख पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1129.05 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस राशि में महिलाओं, किसानों, उद्योगों और आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों के लिए अलग-अलग योजनाओं की रकम शामिल है।

इसमें सबसे बड़ा फोकस दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना पर रहा। इसकी 11वीं किस्त के रूप में 10 लाख 10 हजार बहनों-बेटियों के खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये पहुंचाए गए। योजना शुरू होने के बाद अब तक 11 किस्तों में 2254 करोड़ 47 लाख रुपये लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं।

इसके साथ ही, परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में आर्थिक सहारा देने वाली दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) के तहत 4520 परिवारों को 168 करोड़ 13 लाख 21 हजार रुपये की सहायता दी गई। इसमें दयालु योजना-2 के 70 परिवार भी शामिल हैं। यानी इस भुगतान में सिर्फ नियमित लाभार्थियों को सहायता नहीं मिली, बल्कि ऐसे परिवार भी शामिल रहे जिनके सामने कमाने वाले सदस्य के चले जाने से तत्काल आर्थिक संकट खड़ा हुआ।

भावांतर भरपाई योजना के तहत 6177 किसानों को 49 करोड़ 89 लाख रुपये दिए गए। इनमें 6012 आलू उत्पादक, 99 फूलगोभी उत्पादक और 66 शहद उत्पादक किसान शामिल हैं। योजना के तहत यदि निर्धारित फसल बाजार में सरकार द्वारा तय संरक्षित मूल्य से कम दाम पर बिकती है तो दोनों कीमतों के अंतर की भरपाई सरकार करती है। इस भुगतान का सीधा असर उन किसानों पर पड़ा जिनकी उपज को बाजार में अपेक्षित भाव नहीं मिला।

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत पांच लाख महिलाओं के खातों में जुलाई की 19 करोड़ 68 लाख रुपये की सब्सिडी भी ट्रांसफर की गई। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 670 लाभार्थियों को 311.25 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की गई। उद्यम एवं रोजगार नीति, प्लग एंड प्ले, टेक्सटाइल समेत विभिन्न औद्योगिक योजनाओं के लाभार्थी इसमें शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा