सोनीपत में लू लगने से मजदूर की मौत, जांच जारी
सोनीपत, 28 मई (हि.स.)। सोनीपत
में तेज गर्मी और लू के बीच 40 वर्षीय मजदूर की गुरुवार को मौत हो गई है। परिजनों ने
आशंका जताई है कि व्यक्ति की मौत लू लगने से हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर
परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक
की पहचान विजय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांव
काठा का रहने वाला था। वह पिछले करीब 10 वर्षों से कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट में किराये
पर रहकर मजदूरी करता था।
गांव
नांगल कलां के नंबरदार सतबीर के अनुसार विजय गुरुवार को नांगल कलां से पैदल अपने घर
कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट जा रहा था। रास्ते में तेज गर्मी और लू के कारण उसकी तबीयत
बिगड़ गई। वह किसी तरह घर पहुंचा, लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों
ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना
मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल
भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। गुरुवार
को सोनीपत में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप
और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सड़कों
पर सन्नाटा दिखाई दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना