कुरुक्षेत्र में छह किलो अफीम व 21 लाख ड्रग मनी बरामद
तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र के गांव तलहेड़ी में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 किलोग्राम अफीम, 21 लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना इस्माईलाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य मामलों में केस दर्ज हैं। कानून के तहत ऐसी संपत्तियों को जब्त करने तथा अवैध निर्माणों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोडऩा और उनके आपराधिक नेटवर्क को समाप्त करना पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को बाधित करने वाले हार्डकोर अपराधियों, गैंगस्टरों और विदेश या प्रदेश से बाहर बैठकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वालों के खिलाफ हरियाणा पुलिस सख्त व कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है। विशेष रूप से एक्सटॉर्शन कॉल, धमकी और संगठित अपराध के जरिए प्रदेश में भय का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों के नेटवर्क पर पुलिस की लगातार नजर है। कोई अपराधी कानून की पहुंच से बाहर नहीं है और समय रहते उन पर एक्शन भी लिया जा रहा है। हरियाणा पुलिस ऐसे अपराधियों तक पहुंचने और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए उपलब्ध सभी कानूनी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल कर रही है।
डीजीपी अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि किसी भी हार्डकोर अपराधी या गैंगस्टर के समर्थन में ऐसी गतिविधियां स्वीकार नहीं की जाएंगी, जिनसे कानून व्यवस्था प्रभावित होती हो या पुलिस की वैधानिक कार्रवाई में बाधा उत्पन्न होती हो। उन्होंने कहा कि किसी अपराधी के प्रति सहानुभूति या समर्थन व्यक्त करने की आड़ में कानून व्यवस्था बाधित करने, पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास करने वालों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा