हरियाणा के शहरी इलाकों में पद यात्रा निकालेंगी कुमारी सैलजा

 

कांग्रेस में फिर से बढ़ेगा घमासान, हुड्डा कर रहे धन्यवादी दौरे

सैलजा का ऐलान राहुल-खडग़े के संदेश लेकर जाएंगी जनता के बीच

चंडीगढ़, 7 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सिरसा से लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा ने प्रदेश के शहरी इलाकों में पदयात्रा निकालने का ऐलान किया है। सैलजा के इस ऐलान के बाद हरियाणा में कांग्रेस के बीच चल रही अंदरूनी लड़ाई तेज होगी। सैलजा अगर यात्रा निकालने में सफल हो जाती हैं तो यह नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुट के लिए बड़ी चुनौती होगी।

रविवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में कुमारी सैलजा ने बताया कि यात्रा जुलाई महीने के अंतिम सप्ताह में शुरू होगी। इसके जरिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े व विपक्ष के नेता राहुल गांधी का संदेश हर शहरी मतदाता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही भाजपा के 10 साल के कुशासन के बारे लोगों को विस्तार से बताया जाएगा। पद यात्रा का मुख्य लक्ष्य कांग्रेस को शहरी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के मुकाबले मजबूत करते हुए निर्णायक बढ़त दिलाना है।

सैलजा के अनुसार लोकसभा चुनाव के परिणाम का अध्ययन करने पर पता चलता है कि भाजपा ने प्रदेश के जिन 44 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई, उनमें से अधिकतर शहरी हैं। विधानसभा चुनाव बिल्कुल सिर पर हैं और ऐसे में कांग्रेस को शहरी विधानसभा क्षेत्रों पर एक नई रणनीति के तहत फोकस करने की जरूरत है। इसलिए उन्होंने पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए शहरी इलाकों में पदयात्रा करने का फैसला लिया है।

सैलजा ने बताया कि जुलाई महीने के अंतिम सप्ताह में पद यात्रा शुरू करने की प्लानिंग तैयार की जा रही है। जल्द ही तारीख की घोषणा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं को मीडिया के माध्यम से यात्रा का रूट जारी कर दिया जाएगा। इस पदयात्रा को लेकर कुछ अहम जिम्मेदारियां भी कार्यकर्ताओं को सौंपी जानी हैं। इसके लिए कार्यकर्ता मीटिंग बुलाई जाएगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की प्रेरणा से ही जनवरी-फरवरी महीने में प्रदेश में कांग्रेस संदेश यात्रा निकाली गई। जिसका परिणाम लोकसभा चुनाव में साफ नजर आया। लोगों ने भाजपा को आधे पर समेट दिया। कुमारी सैलजा ने कहा कि शहरी इलाकों में पार्टी इतनी कमजोर नहीं है, जितनी भाजपाई दिखाने की कोशिश करते हैं। कांग्रेस के पास शहरों में आज भी कार्यकर्ताओं की फौज है। इन्हें एकजुट करते हुए इनमें नई ऊर्जा भरने की जरूरत है।इस पद यात्रा का मुख्य फोकस शहरी विधानसभा क्षेत्र रहेंगे।

बाक्स----

यात्रा में इन मुद्दों को उठाएंगी कुमारी सैलजा

-प्रापर्टी आईडी का विवाद

-व्यापारियों व दुकानदारों की समस्याएं

-शहरी क्षेत्रों में बढ़ रही अपराधिक घटनाएं

-छोटे दुकानदारों पर जीएसटी की मार

-पेयजल व सीवर समस्या

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील