भाजपा सरकार दो साल के कार्यकाल में चुनावी वादों का हिसाब दे:सैलजा

 


चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा की वर्तमान भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के अवसर पर विपक्षी दल कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेश भर में मीडिया के माध्यम से सरकार के रिपोर्ट कार्ड पर सवाल उठाए।

चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और गरीब परिवारों से अनेक बड़े वादे किए थे। अब सरकार की जिम्मेदारी है कि वह बताए कि इनमें से कितने वादे पूरे हुए, कितनों पर काम चल रहा है और शेष घोषणाएं कब तक पूरी होंगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपए देने का वादा किया था। सरकार स्पष्ट करे कि वर्तमान में कितनी महिलाओं को यह राशि मिल रही है, कुल कितनी महिलाएं पात्र हैं और शेष पात्र महिलाओं को कब से लाभ मिलेगा। इसी प्रकार प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपए तक मुफ्त उपचार उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। सरकार बताए कि कितने परिवारों को वास्तविक उपचार कवरेज मिला और कितने मरीज लाभान्वित हुए।

सांसद ने कहा कि युवाओं को दो लाख पक्की सरकारी नौकरियां तथा पांच लाख अन्य रोजगार के अवसर देने का वादा किया गया था। सरकार बताए कि दो वर्षों में कितनी नियमित नियुक्तियां हुईं, कितने नए रोजगार सृजित हुए और कितने युवाओं को अप्रेंटिसशिप स्टाइपेंड मिला। हरियाणा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक कौशल शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाने की घोषणा पर कितने प्रशिक्षण केंद्र स्थापित हुए और कितने युवाओं को रोजगार मिला?

कुमारी सैलजा ने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा ने 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद का वादा किया था। सरकार प्रत्येक फसल की खरीद मात्रा, किसानों की संख्या और भुगतान का विवरण सार्वजनिक करे। सांसद ने पांच लाख शहरी एवं ग्रामीण आवास उपलब्ध कराने के वादे पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि कितने मकान स्वीकृत, निर्मित और लाभार्थियों को सौंपे गए हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि दस आधुनिक औद्योगिक शहर विकसित करने की घोषणा में कितनी प्रगति हुई, कितना निवेश आया और कितने स्थानीय युवाओं को रोजगार मिला? बीपीएल एवं अंत्योदय परिवारों को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की योजना से कितने परिवार नियमित लाभान्वित हो रहे हैं? ग्रामीण कॉलेज छात्राओं को कितने स्कूटर वितरित हुए और जिलेवार लाभार्थी सूची कहां है।

कुमारी सैलजा ने हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर, वंदे भारत सेवाओं, चार रैपिड रेल मार्गों, इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो तथा दक्षिण हरियाणा में प्रस्तावित 10 हजार एकड़ के अरावली जंगल सफारी पार्क की प्रगति, मंजूरियों और समयसीमा को सार्वजनिक करने की मांग की।

इस अवसर पर पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन, कांग्रेस के मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, हरियाणा महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सुधा भारद्वाज समेत कई नेता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा