बहादुरगढ़ में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और कैंटर की टक्कर, दो लोगों की मौत

 


चंडीगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के झज्जर जिले से होकर निकल रहे कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर बहादुरगढ़ के गांव मांडोठी के पास मंगलवार अल सुबह श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी और कैंटर की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी से श्रद्धालु पिकअप गाड़ी में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी धाम दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु चंदौसी लौट रहे थे। इसी दौरान बहादुरगढ़ के मांडोठी गांव के पास केएमपी पर उनकी पिकअप गाड़ी की एक कैंटर से टक्कर हो गई।

घायलों का आरोप है कि उनकी गाड़ी धीमी गति से चल रही थी, तभी पीछे से आए कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

राहगीरों और पुलिस की मदद से पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस कैंटर ड्राइवर की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा