वरिष्ठ आईएएस के. मकरंद पांडुरंग बने चरखी दादरी जिले के प्रभारी
चंडीगढ़, 10 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने चरखी दादरी जिले की निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के. मकरंद पांडुरंग को जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग के आयुक्त एवं सचिव और पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पांडुरंग यह जिम्मेदारी अपने मौजूदा दायित्वों के साथ संभालेंगे। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। संशोधित फीडबैक व्यवस्था के तहत अब जिले की प्रशासनिक और विकास गतिविधियों की निगरानी को नियमित फीडबैक से जोड़ा गया है। प्रभारी अधिकारी को हर तिमाही मॉनिटरिंग एवं कोऑर्डिनेशन सेल को रिपोर्ट देनी होगी।प्रभारी अधिकारी की समीक्षा में जिले में चल रही 25 करोड़ रुपये या इससे अधिक लागत वाली परियोजनाएं प्रमुख रूप से शामिल होंगी। यानी बड़े विकास कार्यों की प्रगति, उनके क्रियान्वयन और संबंधित विभागों के कामकाज पर जिला स्तर से ऊपर की निगरानी का एक अतिरिक्त स्तर रहेगा। इसके साथ ही जिले की समग्र अपराध स्थिति और जघन्य अपराधों की घटनाओं की भी समीक्षा की जाएगी। सतर्कता मामलों तथा राइट टू सर्विस एक्ट के तहत लोगों को समय पर सेवाएं मिल रही हैं या नहीं, इसका भी आकलन किया जाएगा।
व्यवस्था में केवल कानून-व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को ही शामिल नहीं किया गया है। प्रभारी अधिकारी को स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों के कामकाज की भी समीक्षा करनी होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य अथवा शिक्षा विभाग से जुड़े किसी एक महत्वपूर्ण स्थल का दौरा करने का प्रावधान भी रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा