पानीपत: कीर्ति पंवार को यूपीएससी में मिला 304वां स्थान, बधाई देने वालों का लगा तांता

 


पानीपत, 08 मार्च (हि.स.)। पानीपत की बेटी कीर्ति पंवार ने यूपीएससी में 304वां स्थान पाया है। इससे कीर्ति के परिवार में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। संघ लोक सेवा आयोग के आए नतीजों में पानीपत की कीर्ति पंवार को 304वीं रैंक मिली है।

पानीपत की सुशांत सिटी अंसल निवासी सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र सिंह पंवार की बड़ी बेटी कीर्ति पंवार बचपन से ही मेधावी छात्रा रही है। कीर्ति ने यूपीएससी की परीक्षा पास करने से पहले भी परिवार के दबाव में आकर कई परीक्षाएं दी और उत्तीर्ण की। जिनमें मुख्य रूप से एमबीबीएस की परीक्षा, कमांडेंट की परीक्षा , पुलिस विभाग की परीक्षा दी थी। लेकिन कीर्ति का लक्ष्य सिर्फ प्रशासनिक सेवा में जाने का रहा था। कीर्ति अपनी सफलता का श्रेय सिर्फ अपने परिवार को देती है। जिन्होंने उनकी खूब मदद की, उनकी सफलता भी घर से ही शुरू होती है क्योंकि पिता शिक्षा अधिकारी रहे है ओर माता मंजू रानी सरकारी स्कूल में लेक्चरर है। बड़ा भाई आशीष पंवार डीएसपी है, भाभी मुनमुन न्यायाधीश व छोटी बहन सुकृति डॉक्टर है।

कीर्ति ने बताया कि यूपीएससी की तैयारी के लिए सिर्फ एक साल कोचिंग ली थी। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से हमेशा दूरी बनाए रखी पर पढ़ाई के दौरान उन्होंने मूवी खूब देखी , वह बताती है कि पूरे समय पढ़ाई तो की नहीं जा सकती तो मूड को सही रखने की जरूरत होती थी इस लिए वो ऐसी मूवी देखती थी जिससे मनोरंजन के साथ उनको आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिले।

उन्होंने परीक्षार्थियों को सफ़ल होने का मूल मंत्र दिया कि कोई भी परीक्षा देने से पूर्व सिर्फ एक ही पुस्तक पर ध्यान केंद्रित करना न की पुस्तकों का ढेर लगाना व खुद में आत्मविशास पैदा करना ओर अपने ध्यान को अपने लक्ष्य पर केंद्रित करना तभी सफलता आपके कदम चूमेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा