फतेहाबाद: मासूम बेटी को भाखड़ा नहर में फेंककर मारने का आरोपी पिता गिरफ्तार

 


फतेहाबाद, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले की सदर थाना रतिया पुलिस ने 5 वर्षीय मासूम बच्ची को भाखड़ा नहर में फेंकने के आरोप में उसके पिता गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी ज्योति की कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

गौरतलब है कि 22 जुलाई को गांव खूनन निवासी गुरप्रीत सिंह अपनी 5 साल की बेटी गुरनिवाज कौर को बहबलपुर स्थित स्कूल से बाइक पर लेकर निकला। रतिया-बुढ़लाडा रोड स्थित भाखड़ा नहर पुल के पास पहुंचकर उसने बच्ची को नहर में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्ची का शव पंजाब के फतेहपुर हेड के समीप नहर से बरामद हुआ था। 23 जुलाई को मृतका के मामा जगबीर सिंह निवासी गांव अहरवां ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी गुरप्रीत सिंह से हुई थी। दंपती की दो बेटियां थीं और बेटा न होने के कारण गुरप्रीत सिंह अक्सर बच्चियों के पालन-पोषण के खर्च को लेकर परेशान रहता था। मामा के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर 23 जुलाई को थाना सदर रतिया में हत्या का केस दर्ज किया गया। रतिया सदर थाना प्रभारी शीशपाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस नागरिक अस्पताल रतिया पहुंची और प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई की गई। अब आरोपी पिता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा