अपडेट ---हिसार :बाडोपट्टी टोल पर शिफ्ट इंचार्ज की स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या
युवकों ने 130 रुपए के विवाद में की वारदात
हिसार, 23 जून (हि.स.)। नेशनल हाईवे बरवाला थाना
क्षेत्र स्थित बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद में टोल शिफ्ट
इंचार्ज की स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय संजय शुक्ला
के रूप में हुई है। घटना के बाद टोल प्लाजा पर तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही
बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राप्त
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात्रि लगभग पौने
दो बजे काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी बाडो पट्टी टोल प्लाजा पर पहुंची। गाड़ी में चार
युवक सवार थे।
टोल कर्मियों ने टोल शुल्क के रूप में 130 रुपये मांगे तो युवकों ने
खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए बिना टोल दिए निकलने की बात कही। टोल शिफ्ट इंचार्ज
संजय शुक्ला ने उनसे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद
बढ़ने पर संजय शुक्ला गाड़ी के सामने खड़े होकर उसे रोकने लगे। आरोप है कि इसी दौरान
स्कॉर्पियो चालक ने उन्हें टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया और फिर गाड़ी बैक कर दोबारा
उसके ऊपर चढ़ा दी। इसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर हिसार की तरफ फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को उपचार के लिए
अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना
के बाद सामने आए वीडियो में कुछ युवक खुद को गांव बहबलपुर का निवासी बताते हुए टोल
फ्री निकलने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो
को कब्जे में ले लिया है और एक आरोपी को राउंडअप किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश
जारी है। परिजनों ने कंपनी से 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि
जब तक कंपनी की तरफ से मुआवजा, पीएफ व अन्य भत्ते नहीं मिलेंगे, वे शव नहीं उठाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर