पानीपत पुलिस ने अपहृत व्यापारी को छुड़ाया,छह अपहर्ता काबू

 


दिल्ली पुलिस की वर्दी पहनकर किया था लकड़ी व्यापारी का अपहरण

पानीपत, 10 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के गांव थिराना से अपहृत 35 वर्षीय लकड़ी के व्यापारी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार आरोपियों में चार सोनीपत और दो पानीपत के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की एक वर्दी भी बरामद की है, जिसे वारदात के दौरान एक आरोपी ने पहन रखा था।

एएसपी हर्षित गोयल ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि काले रंग की एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए पांच-छह अज्ञात युवक गांव थिराना में अड्डे पर खड़े लकड़ी व्यापारी 35 वर्षीय दिलावर को जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। सूचना मिलते ही पूरे जिले में नाकाबंदी कर पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं। वहीं अपहृत के पिता राजेंद्र की शिकायत पर थाना मतलौडा में मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद थाना मतलौडा पुलिस के साथ ही सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र की टीम को आरोपियों की धरपकड़ और अपहृत युवक की सुरक्षित बरामदगी की जिम्मेदारी सौंपी।

पुलिस को सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार सुबह सोनीपत के श्याम नगर में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत दिलावर को सकुशल छुड़ा लिया। मौके से दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की वर्दी भी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत निवासी रोहित, श्याम नगर निवासी मनोज, गांव बरोटा निवासी नीरज, गांव मोई निवासी सूरज तथा पानीपत के इसराना निवासी अनुज और गांव पलड़ी निवासी जतिन के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ वारदात के समय आरोपी मनोज ने दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की वर्दी पहन रखी थी। आरोपियों ने अपहृत दिलावर को पूरी रात सोनीपत के श्याम नगर स्थित आरोपी रोहित के कमरे में बंधक बनाकर रखा। एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस ने बताया कि शनिवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा