महम के विधायक बलराम दांगी से मांगी पांच करोड़ फिरौती
पुलिस ने विधायक व परिजनों की बढ़ाई सुरक्षा
पिछले सप्ताह विधायक के कार्यालय पर चलाई गई थी गोली
रोहतक, 26 जून (हि.स.)।
महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर फायरिंग के बाद अब उनसे पांच करोड़ रुपये फिरौती मांगी गई है।आरोपी ने फोन पर मैसेज भेजकर विदेशी नंबर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। धमकी देने वाले ने कहा है कि पांच करोड़ तैयार रखना नही तो इस बार गोली सीधे छाती में मारी जाएगी। दरअसल पिछले सप्ताह ही विधायक के कार्यालय पर दो युवकों ने गोली भी चलाई थी, जिनमें से एक युवक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था।
रंगदारी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसर गुरुवार दोपहर को कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के फोन पर एक विदेशी नंबर से पांच करोड़ रुपये की धमकी को लेकर मैसेज आया। मैसेज में लिखा है कि पांच करोड़ रुपये तैयार रखना, अभी तक शीशों पर गोली लगी है, इस बार गोली छाती में मारी जाएगी। विधायक ने मैसेज के बारे में पुलिस अधीक्षक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने विधायक आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी और इस बारे में जांच पड़ताल शुरु कर दी। धमकी भरा मैसेज सुमित उर्फ छोटा सामनिया के नाम पर भेजा गया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। रोहतक पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। फायरिंग का एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है। जल्द ही अन्य आरोपी काबू कर लिए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल