कैथल: वीर वाॅरियर्स काे 74 रन से हरा कर मस्त कलंदराें ने जीता कलाकार क्रिकेट लीग
कैथल, 10 अप्रैल (हि.स.)। पहले ही मैच से अपराजेय चल रही मस्त कलंदराें की टीम ने कलाकार क्रिकेट लीग सीजन-2 का खिताब जीत लिया।
शहर की एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी में शुक्रवार काे हुए अंतिम मुकाबले में मनजीत पांचाल की कप्तानी वाली इस टीम ने वीर वाॅरियर्स को 74 रन से हरा कर ओवरऑल ट्रॉफी पर कब्जा किया। टॉस जीत कर वीर वाॅरियर्स की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उनका यह निर्णय सही साबित नहीं हुआ।
मस्त कलंदर टीम के बल्लेबाजों ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। टीम ने कुल 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 167 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। विशु पुठी ने 45 गेंदों पर नाबाद 64 रन की आतिशी पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
बिंटू पाबड़ा ने 28 गेंदों में 27 रन बनाए। योगी अंजाना ने 14 गेंदों में 16 और जीत घणघस ने नौ गेंदों में 13 रन बनाकर विशु पुठी का साथ दिया।
कप्तान मनजीत पांचाल आखिरी गेंद पर बल्लेबाजी करने उतरे। वीर वाॅरियर्स की ओर से यूके हरियाणवी ने चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट लिए। नीरज खटाना और राहुल पबाना को एक-एक विकेट मिला।
मस्त कलंदर टीम के 167 रन के स्कोर का मुकाबला करने उतरी वीर वाॅरियर्स टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज कप्तान यूके हरियाणवी और योगेश दहिया बिना खाता खोले पहली सात गेंदों में ही पवेलियन लौट गए।
इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए केपी कुंडू ने वीर वाॅरियर्स की लड़खड़ाती पारी को संभाला। उन्होंने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। कुंडू ने 47 गेंदों पर 60 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। उनके और सुख देसवाल के अलावा टीम का कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
मस्त कलंदर टीम की ओर से योगी अंजाना ने 2.4 ओवर में 11 रन देकर तीन विकेट लिए। विशु पुठी ने 24 रन देकर दो विकेट लिए। वीर वाॅरियर्स की पूरी टीम 14.4 ओवर में 93 रन बनाकर ढेर हो गई। मस्त कलंदर ने फाइनल मुकाबला 74 रन से जीत कर खिताब अपने नाम किया।
चारों टीमों के कप्तान मनजीत पांचाल, यूके हरियाणवी, अमित ढुल और सुरेंद्र रोमियो ढाकल ने लीग के आयोजकों और प्रायोजकों का आभार प्रकट किया। केसीएल के डायरेक्टर हारट्रॉन एडवांस्ड स्किल सेंटर के संचालक डॉ. बलविंद्र ढुल, अमित ढुल और जीत घणघस ने कहा कि केसीएल का दूसरा सीजन शानदार रहा।
यह कलाकारों के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी एक बेहतरीन सीरीज रही। जिन कलाकारों से मिलने के लिए कला प्रेमी उत्सुक रहते हैं, वे सभी एक साथ एक ही मैदान में खेलते हुए दिखे।
विशु पुठी बने कलाकारों के कलाकार
मस्त कलंदर के विशु पुठी को कलाकार क्रिकेट लीग सीजन-2 में उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। फाइनल मुकाबले में उनका बल्ला तो चला ही, गेंद से भी उन्होंने अपना दबदबा बनाए रखा। सेमीफाइनल मैच में भी उन्होंने मात्र 18 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे