कैथल: सिरसा ब्रांच नहर में डूबा 19 वर्षीय युवक, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला
कैथल, 10 अगस्त (हि.स.)। गांव काकौत स्थित सिरसा ब्रांच नहर की बड़ी ब्रांच में रविवार शाम नहाने के दौरान पैर फिसलने से 19 वर्षीय युवक सनमदीप पानी में डूब गया। हादसे के करीब 24 घंटे बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूचना मिलते ही तितरम थाना पुलिस और स्वजन मौके पर पहुंचे। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों के साथ प्रशासन की टीमें भी जुटी हुई हैं। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण सर्च अभियान में परेशानी आ रही है।
शुगर मिल कालोनी निवासी सतपाल ने बताया कि उसका बेटा सनमदीप रविवार शाम करीब चार बजे काकौत नहर में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान बड़ी ब्रांच में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
परिवार ने युवक की तलाश के लिए गोताखोर प्रगट सिंह को भी बुलाया। प्रशासन की ओर से भी अपने स्तर पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका है। स्वजन इस समय चंदाना नहर हेड पर मौजूद हैं और वहां भी उसकी तलाश कर रहे हैं। युवक के पिता सतपाल ने प्रशासन से नहर में पानी का स्तर कम करवाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस समय नहर में पानी बहुत अधिक है, जिससे युवक की तलाश में काफी परेशानी हो रही है। युवक के चाचा राजेश ने भी कहा कि पानी कम होने के बाद ही सर्च अभियान को अधिक प्रभावी तरीके से चलाया जा सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे