कैथल:शादी समाराेह में नाचते समय टकराने से विवाद, चाकू से गोदकर युवक की हत्या
कैथल, 24 नवंबर (हि.स.)। कैथल जिले के गांव पबनावा में शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचते समय पैर लगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक युवक चाकू लेकर वापस लौटा और 22 वर्षीय तनिष पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल तनिष की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक तनिष की शादी हो चुकी थी और उसकी चार महीने की बेटी है। वह करीब दो साल पहले जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत लौटा था। इसके बाद गांव में ही डेयरी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार में उसकी पत्नी, पिता कृष्ण और छोटा भाई लविश हैं।
डीजे पर नाचते समय पैर लगने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात गांव पबनावा में बलराज सिंह के बेटे विशाल की शादी का समारोह चल रहा था। समारोह में डीजे पर तनिष और एक अन्य युवक नाच रहे थे। इसी दौरान नाचते समय तनिष का पैर दूसरे युवक के पैर पर लग गया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दूसरा युवक वहां से चला गया। शाेर मचते देख कर इसके बाद डीजे भी बंद करवा दिया गया।
आरोप है कि कहासुनी के कुछ देर बाद दूसरा युवक चाकू लेकर वापस आया और तनिष पर हमला कर दिया। उसने तनिष के सिर और छाती पर चाकू से कई वार किए। अचानक हुए हमले में तनिष गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ढांड थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे