कैथल: ट्रेन में दोस्तों के बीच विवाद के बाद हुई मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत
कैथल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। कैथल से हरिद्वार जा रहे तीन दोस्तों के बीच ट्रेन में गाली देने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि ढांड और कुरुक्षेत्र के बीच एक दोस्त ने दूसरे की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ऋषिपाल (57) की बुधवार रात को मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके दोस्त राकेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, रेलवे पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
मृतक के दामाद दिनेश ने बताया कि ऋषिपाल 13 अक्टूबर की शाम अपने दो दोस्तों राकेश और सुदेश कुमार के साथ ट्रेन में सवार होकर कैथल से हरिद्वार जा रहे थे। इसी दौरान ढांड के पास ऋषिपाल और राकेश के बीच गाली देने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि राकेश ने ऋषिपाल को बुरी तरह पीटा, जिससे उनकी नाक टूट गई और चेहरा भी सूज गया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रेन में मौजूद तीसरे दोस्त सुदेश कुमार के अनुसार, वह ऊपर की सीट पर लेटा हुआ था। इसी दौरान ढांड के पास राकेश और ऋषिपाल के बीच गाली देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि राकेश ने ऋषिपाल को इतनी बुरी तरह पीटा कि उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद राकेश के मौके से फरार हो गया । इसके बाद ऋषिपाल को घर पहुंचाया गया। परिजनों ने दो दिन बाद बुधवार को उन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पांच बेटियों और एक बेटे के पिता थे ऋषिपाल
ऋषिपाल खराद की दुकान पर काम करते थे। उनके परिवार में पांच बेटियां और एक पांच साल का एक बेटा है। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। रेलवे पुलिस के एएसआइ कर्ण सिंह ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे