कैथल में तिरंगे के रंग में रंगा शहर, वाहनाें के साथ निकली भव्य तिरंगा यात्रा
कैथल, 12 अगस्त (हि.स.)। कपिल मुनि की तपोभूमि कैथल बुधवार को देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों मोटरसाइकिलों, ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों के काफिले के साथ निकली इस यात्रा में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिमखाना क्लब से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पिहोवा चौक, करनाल रोड और सचिवालय चौक से होते हुए लाला चरणदास शोरेवाला मार्ग तक पहुंची। यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों ने तिरंगे का स्वागत किया। कई स्थानों पर नागरिकों ने यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। तिरंगे से सजे वाहनों और देशभक्ति के नारों के कारण शहर का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर दिखाई दिया। यात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि कैथल की पहचान केवल एक ऐतिहासिक शहर के रूप में नहीं, बल्कि ऋषि-मुनियों की तपस्या और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा से भी जुड़ी है। ऐसी धरती पर तिरंगा यात्रा का आयोजन स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को याद करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी केवल कुछ प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का परिणाम नहीं थी, बल्कि इसके पीछे हजारों ऐसे लोगों का त्याग और बलिदान भी रहा, जिनके नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज नहीं हो सके। आजादी की हर सांस उन ज्ञात-अज्ञात वीरों की देन है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक है। इसके साथ स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष, जवानों का शौर्य, किसानों और श्रमिकों की मेहनत तथा देशवासियों के सपने जुड़े हैं। तिरंगा भारतीयों को भाषा, क्षेत्र और सामाजिक विविधताओं से ऊपर उठाकर एक सूत्र में बांधता है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और नई पीढ़ी को भी राष्ट्रीय ध्वज तथा स्वतंत्रता संग्राम के महत्व से अवगत करवाएं। उन्होंने कहा कि हर घर पर लहराता तिरंगा देश के वीर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करता है। तिरंगा यात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर, जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, यात्रा संयोजक एवं पूर्व विधायक लीला राम गुर्जर, मुनीश कठवाड़ सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें अपनी सहभागिता दर्ज करवाई।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे