कैथल: नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए क्योड़क व तितरम में पुलिस का सर्च अभियान

 


कैथल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत कैथल पुलिस ने नशा और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह गांव क्योड़क और तितरम क्षेत्र के होटलों व ढाबों पर पुलिस की ओर से विशेष कांबिंग एवं सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध स्थानों और आसपास के क्षेत्रों की जांच की तथा नशा एवं अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों को खंगाला।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों पर शिकंजा कसना और अवैध गतिविधियों के संभावित ठिकानों की जांच करना है। पुलिस के अनुसार, जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव क्योड़क में थाना सदर प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह और चौकी क्योड़क प्रभारी एएसआई बलजीत के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। वहीं, तितरम क्षेत्र के होटलों और ढाबों पर थाना तितरम प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने सघन जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थानों की तलाशी लेने के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की। इसके अलावा, क्षेत्र में मौजूद लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे