कैथल में रोड रोलर से कुचले 70 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर

 


कैथल, 29 अक्टूबर (हि.स.)। स्कूल-कॉलेजों के बाहर बुलेट बाइकों से पटाखों जैसी तेज आवाज निकालकर विद्यार्थियों और आमजन को परेशान करने वाले बाइक चालकों पर कैथल ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों से जब्त किए गए 70 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसरों को वीरवार सुबह शहर के पिहोवा चौक पर रोड रोलर चलवाकर नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई का उद्देश्य तेज आवाज करने वाले प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसरों के दोबारा इस्तेमाल पर रोक लगाना है।

शहर में कुछ युवक अपनी बुलेट बाइकों में निर्धारित मानकों के विपरीत साइलेंसर लगाकर चलते थे। स्कूल-कॉलेजों के बाहर और सार्वजनिक स्थानों पर इनसे पटाखों जैसी आवाज निकालने के कारण विद्यार्थियों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। तेज धमाकों जैसी आवाज से कई बार क्षेत्र में भय और असहजता का माहौल बन जाता था। ऐसी शिकायतों और यातायात नियमों की अवहेलना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने संबंधित बाइक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की थी। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहनों के चालान किए और मौके पर मैकेनिक बुलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए। इनके स्थान पर निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर लगवाए गए, जबकि उतारे गए साइलेंसरों को पुलिस ने जब्त कर लिया था। अब जब्त किए गए 70 से अधिक साइलेंसरों को एक साथ रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया गया।

ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार की अगुवाई में पेहोवा चौक पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया कि वाहनों में नियमों के विरुद्ध बदलाव कर सड़कों पर शोर और परेशानी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी बाइक में कंपनी के निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का इस्तेमाल करें और दूसरों की सुविधा का भी ध्यान रखें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे