कैथल: विस्तार मंडी में बदहाल व्यवस्था पर किसानों ने सुनाई पीड़ा, बोले- न खरीद हो रही, न उठान
कैथल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की अनाज मंडियों में धान खरीद और उठान में देरी के बीच गुरुवार को प्रशासनिक सचिव डॉ. साकेत कुमार ने डीसी अपराजिता के साथ कैथल की विस्तार मंडी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंडी में मौजूद किसानों ने उनके सामने अपनी परेशानी रखते हुए खरीद प्रक्रिया में हो रही देरी और बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। किसानों ने बताया कि वे कई-कई दिनों से धान लेकर मंडी में बैठे हैं, लेकिन न तो उनकी फसल की खरीद हो रही है और न ही उठान की व्यवस्था सुचारू है।किसानों ने कहा कि बारिश के कारण मंडी में खुले में पड़ा धान भीग गया है। यदि समय पर उठान होता तो धान को शेड के नीचे रखने के लिए जगह उपलब्ध हो सकती थी, लेकिन उठान में देरी के कारण फसल खुले में पड़ी है। इससे किसानों को नुकसान की चिंता सता रही है। प्रशासनिक सचिव ने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।डॉ. साकेत कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में धान की खरीद और उठान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि मंडी में फसल रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके। उन्होंने बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को उनकी फसल का भुगतान निर्धारित समय के भीतर करवाने पर भी जोर दिया। बारिश की संभावना को देखते हुए तिरपाल सहित फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए।गेट पास और नेटवर्क की समस्या दूर करने के निर्देशप्रशासनिक सचिव ने कहा कि किसानों को मंडी में प्रवेश करने और गेट पास बनवाने के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़े। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर गेट पास जारी किए जाएं, ताकि किसान अपनी फसल मंडी में लाकर बेच सकें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पात्र किसानों की धान की खरीद निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर हो।दौरे के दौरान आढ़तियों ने नेटवर्क संबंधी समस्याएं भी प्रशासनिक सचिव के समक्ष रखीं। उन्होंने बताया कि नेटवर्क की दिक्कतों के कारण खरीद प्रक्रिया प्रभावित होती है। इस पर प्रशासनिक सचिव ने संबंधित कंपनी के अधिकारियों को बुलाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि तकनीकी बाधाओं के कारण खरीद कार्य प्रभावित न हो। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासनिक सचिव के दौरे के बाद मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों के साथ धान खरीद, उठान और भुगतान की स्थिति की समीक्षा की। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे