कैथल: पड़ोसी ने गोलियां मारकर की युवक की हत्या
कैथल, 22 नवंबर (हि.स.)। कैथल के गांव जाजनपुर में रविवार दोपहर एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 42 वर्षीय राजीव के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही ढांड थाना पुलिस, सीआईए और स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीमें मौके पर पहुंचीं। डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इसके अलावा एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आराेपी ने राजीव पर एक के बाद एक ताबड़ताेड़ छह गाेलियां दागीं, जिनमें से उसे पांच गाेली लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पहली गोली लगने के बाद राजीव ने हाथ जोड़कर वीरेंद्र से पूछा कि आखिर उसका कसूर क्या है। इसके बावजूद आरोपी ने कोई जवाब नहीं दिया और लगातार गोलियां चलाता रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुल छह गोलियां चलाईं। पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोल भी बरामद किए हैं।
वारदात के समय अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्यों को पहले लगा कि गली में कोई पटाखे चला रहा है। हालांकि, कुछ ही देर बाद राजीव की आवाज सुनकर परिवार और आसपास के लोग बाहर पहुंचे। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राजीव काफी देर तक गली में ही घायल अवस्था में पड़ा रहा। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी वीरेंद्र कुमार खेती-बाड़ी के साथ वकालत का काम भी करता है। वह आम आदमी पार्टी की लीगल सेल का पूर्व हलका अध्यक्ष भी बताया जा रहा है। बवारदात में इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर आरोपी की लाइसेंसी बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अब परिजनों के बयान दर्ज कर हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है। फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं। परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे