कैथल में नशा तस्कर पिता-पुत्र हेरोइन समेत काबू

 


कैथल, 24 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की यमुनानगर यूनिट ने कैथल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 300 ग्राम हेरोइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि हेरोइन की खेप खरीदने के लिए उसे चार लाख रुपये उसके बेटे ने दिए थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बेटे को भी मामले में सह-आरोपी के तौर पर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पिता-पुत्र दोनों की नशा तस्करी में भूमिका सामने आई है।

एचएसएनसीबी के यूनिट प्रभारी महरूफ अली ने सोमवार को बताया कि उपनिरीक्षक संदीप शर्मा के नेतृत्व में टीम चीका थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव कल्लर माजरा निवासी भगवान दास मोटरसाइकिल पर हेरोइन लेकर गांव बोपर से चीका की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने गांव बदसूई में नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद पुलिस को एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही उसने बाइक वापस मोड़कर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गांव कल्लर माजरा निवासी भगवान दास के रूप में हुई। पुलिस ने राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली। इस दौरान उसकी पीठ पर टंगे बैग से पारदर्शी पॉलीथिन में रखा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जांच में पदार्थ हेरोइन निकला, जिसका वजन 300 ग्राम था। पुलिस ने हेरोइन के साथ आरोपी की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली।

बरामदगी के संबंध में थाना चीका में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। बरामद हेरोइन की मात्रा वाणिज्यिक श्रेणी में आती है। पूछताछ के दौरान भगवान दास ने पुलिस को बताया कि हेरोइन की यह खेप मंगवाने के लिए उसे चार लाख रुपये उसके बेटे गुरमुख ने दिए थे। इस जानकारी के आधार पर एचएसएनसीबी टीम ने गांव कल्लर माजरा में कार्रवाई करते हुए गुरमुख को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अब जांच का फोकस यह पता लगाने पर है कि 300 ग्राम हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही पिता-पुत्र से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे