कैथल में नशा तस्करी के पांच आरोपी गिरफ्तार, डोडा पोस्त व हेरोइन बरामद

 




कैथल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। कैथल पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 54 किलो 864 ग्राम डोडा पोस्त और 37.77 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक और स्विफ्ट कार को जब्त किया है, जबकि हेरोइन बरामदगी के तीसरे मामले में आरोपियों के पास से मिली बाइक के संबंध में भी कार्रवाई की गई है। डीएसपी सुशील प्रकाश ने सोमवार को बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को काबू किया।

ट्रक के कैबिन से मिला 54 किलो से ज्यादा डोडा पोस्त

कलायत सीआईए प्रभारी एएसआई मनीष के नेतृत्व में पीएसआई सौरभ की टीम किसान चौक कलायत के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव मंडवाल निवासी सतनाम ट्रक में डोडा पोस्त लेकर एनएच-152 से गांव की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पिंजुपुरा बस अड्डे के पास नाकाबंदी कर ट्रक नंबर HR-45D-2499 को रोक लिया। डीएसपी बीर भान की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई तो कैबिन में रखे चार प्लास्टिक कट्टों से 54 किलो 864 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने सतनाम को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया। मामले में कलायत थाना में केस दर्ज किया गया है।

स्विफ्ट कार से 25.2 ग्राम हेरोइन बरामद

दूसरे मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल प्रभारी एएसआई तरसेम कुमार के नेतृत्व में एसआई जसबीर सिंह की टीम ने गुप्त सूचना पर बुढ़ाखेड़ा से नंद सिंह वाला सड़क पर नाकाबंदी की। इस दौरान बुढ़ाखेड़ा की तरफ से आई एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर गांव नंदगढ़ निवासी सुखबीर सिंह को काबू किया गया। तलाशी के दौरान कार में रखी पॉलीथिन से 25.2 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। इस संबंध में सदर थाना में मामला दर्ज किया गया है।

ट्रांसपोर्ट नगर में दो युवकों से 6.23 ग्राम चिट्टा मिला

तीसरे मामले में एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई जसबीर सिंह की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर कैथल में दबिश दी। पुलिस ने बाइक पर बैठे दो संदिग्ध युवकों को काबू किया। उनकी पहचान अमरगढ़ गामड़ी निवासी मनोज कुमार और अर्जुन नगर निवासी गौरव के रूप में हुई। तहसीलदार रविंद्र हुड्डा की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से 6.23 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शहर थाना में मामला दर्ज किया।

चीका में घर से 6.34 ग्राम हेरोइन बरामद

एक अन्य मामले में एंटी नारकोटिक सेल की एसआई बलराज सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चीका की इंद्रा कॉलोनी निवासी सतीश के मकान पर दबिश दी। यहां से सतीश को काबू किया गया। नायब तहसीलदार गुहला बलराज सिंह की मौजूदगी में तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 6.34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चीका थाना में मामला दर्ज किया है। डीएसपी सुशील प्रकाश के अनुसार, सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे