कैथल: अब सत्ता में नहीं आई तो हरियाणा के भी उत्तर प्रदेश, बिहार जैसे हाेंगे हालात : संजय दत्त
कैथल, 21 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैथल में जिला कांग्रेस कार्यकारिणी तथा जिले की चारों विधानसभा सीटों कैथल, कलायत, गुहला और पूंडरी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की संवाद बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने और कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक का आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड की ओर से किया गया। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और संगठन को लेकर उनके अनुभव सुने। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश में दोबारा सत्ता में लाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी और जनता के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत करना होगा। उन्हाेंने सवाल किए कि जब जिले में पार्टी चार में से तीन सीटें जीत रही है ताे मजबूत स्थिति में ही मानी जाएगी। चाैथी पूंडरी की सीट बार-बार हारने के पीछे के कारणाें का पता लगाना चाहिए। दूसरी तरफ, जिले के कार्यकर्ताओं ने संगठन पर आराेप लगाए कि पार्टी के लिए काम करने वालाें काे अनदेखा किया जा रहा है।
प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस पिछले तीन विधानसभा चुनावों से लगातार हार रही है। निश्चित तौर पर पार्टी में कोई न कोई कमी रही है, जिसे अब पहचानकर दूर करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केवल चुनाव के समय सक्रिय होने के बजाय अभी से गांव, वार्ड और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए करो या मरो की लड़ाई है। यदि कांग्रेस सत्ता में नहीं आई तो हरियाणा के भी उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे हालात हो जाएंगे। संजय दत्त ने पूंडरी विधानसभा सीट को लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सक्रिय होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले की कैथल, कलायत और गुहला विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत रहा है, लेकिन पूंडरी में पार्टी को लगातार चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा पर साधा निशानाबैठक में कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने एसआईआर मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट काटने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस को एक-एक वोट बचाने के लिए पूरी मजबूती के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग पर आक्रमण बोला हुआ है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा। सुरजेवाला ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में कैथल जिले की चार विधानसभा सीटों में से तीन सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जिले की चारों सीटों पर जीत हासिल करेगी और हरियाणा में मजबूत सरकार बनाएगी।
-
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे