कैथल: सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों ठगे, रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी
कैथल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक के पिता से पांच लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नौकरी नहीं लगने पर जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। चंदाना गेट निवासी रामनिवास की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने रमेश के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मंगलवार काे दी शिकायत में रामनिवास ने बताया कि उसकी रमेश के साथ जान-पहचान थी। वर्ष 2022 में उसने आरोपी को बताया था कि उसका बेटा रविंद्र दसवीं पास है और बेरोजगार है। इस पर रमेश ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके बदले सात लाख रुपये मांगे। बातचीत के बाद पांच लाख रुपये में सौदा तय हो गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने रविंद्र की दसवीं कक्षा की मार्कशीट, आधार कार्ड, फोटो सहित अन्य दस्तावेज ले लिए। इसके अलावा कुछ खाली कागजात पर उसके हस्ताक्षर भी करवा लिए। आरोपी ने तीन महीने के भीतर नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद 18 अक्टूबर 2022 को वह रामनिवास के घर पहुंचा और उससे पांच लाख रुपये लेकर चला गया। उस समय रामनिवास की पत्नी और बेटा रविंद्र भी मौके पर मौजूद थे।
रामनिवास के अनुसार तीन महीने बीतने के बाद भी उसके बेटे को नौकरी नहीं मिली। जब उसने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो वह हर महीने रकम लौटाने का आश्वासन देता रहा। बाद में रुपये मांगने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने ब्याज पर रुपये लेकर आरोपी को दिए थे। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे