सिरसा: जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरी जेजेपी
सिरसा, 22 जुलाई (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने दिल्ली के जंतर-मंतर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवओं पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और उपायुक्त को प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघुसचिवालय पहुंचे।
जेजेपी नेताओं ने कहा कि युवा और छात्र देश का भविष्य हैं। अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि छात्रों व युवाओं के साथ बल प्रयोग करना तथा विशेष रूप से छात्राओं के साथ लाठीचार्ज किया जाना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस घटना से देशभर के युवाओं एवं आम नागरिकों में रोष व्याप्त है। उन्होंने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मांग की कि जंतर-मंतर पर युवाओं एवं छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाई जाए व दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
घायल युवाओं एवं छात्राओं को उचित चिकित्सा सहायता एवं आवश्यक मुआवजा प्रदान किया जाए। भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं एवं छात्राओं के साथ ऐसी अमानवीय एवं दमनात्मक कार्रवाई न की जाए। उधर, ऑल इंडिया बंजारा सेवा संघ की प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला पार्षद कर्मजीत कौर ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को अति निंदनीय बताया है। कर्मजीत कौर ने कहा कि अपने अधिकारों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठी डंडों, आंसू गैस के गोलों से हमला कर जानवरों की तरह सडक़ों पर घसीट-घसीट कर मासूम बच्चों के सिर फोड़े गए, जोकि बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार युवाओं को नौकरियां देने का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन अब क्यों बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है । कर्मजीत कौर ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के जो झूठे नारे दिये हैं, वे केवल और केवल नारे ही साबित हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma