जींद : दुष्कर्म के दोषी युवक को 20 साल की कैद

 

जींद , 26 नवंबर (हि.स.)। सफीदों सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने व दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने गुरुवार को एक युवक को दोषी करार दिया। अतिरिक्त एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट सिफा की अदालत ने युवक को 20 साल की कैद व एक लाख 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार ने गुरुवार को बताया कि थाना सदर सफीदों में शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी नाबालिग लड़की को गांव खेड़ा खेमावती निवासी सुनील अपने साथ घर से बहला-फुसला कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सदर सफीदों में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। मजिस्ट्रेट के सामने लड़की के ब्यान व डाक्ट्ररी परीक्षण के आधार पर आरोपित सुनील के खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद आरोपित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस ने साक्ष्य व चालान तैयार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस द्वारा प्रस्तुत किए गए ठोस साक्ष्य व डीडीए योगेंद्र राठी की मजबूत पैरवी के आधार पर अतिरिक्त एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट सिफा की अदालत ने सुनील को दोषी करार देते हुए 20 साल की कैद व एक लाख 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा