जींद में जल संरक्षण अभियान: दर्जनों अवैध पेयजल कनेक्शन काटे गए
जींद, 01 जून (हि.स.)। जल संरक्षण अभियान के तहत जींद जिले में सोमवार को गांव जजवान सहित 10 गांवों में अभियान चलाया गया, जिसमें दर्जनों अवैध पेयजल कनेक्शन काटे गए।
जानकारी देते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने बताया कि सोमवार को गांव जाजवान में कनिष्ठ अभियंता संजीत कुमार की अगुवाई में जल संरक्षण अभियान चलाया गया। ब्लाक नरवाना में खंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में गांव खरल, उचाना में कुशल शर्मा की अध्यक्षता में गांव काब्रछा, जुलाना में सोमलता सैनी की अध्यक्षता में गांव जुलाना, पिल्लूखेड़ा में खंड सम्यक सुरेंद्र दुग्गल की अध्यक्षता में गांव ललित खेड़ा में जल संरक्षण अभियान चलाया गया। मताना ने बताया कि इस अभियान के तहत गांव जाजवान में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की संयुक्त टीम ने पेयजल आपूर्ति चलवा कर घर-घर जाकर पेयजल के कनेक्शन चेक किए। इस मौके पर विभाग की टीम को कई कनेक्शन खुले मिले, जिससे पेयजल की बर्बादी हो रही थी। विभाग की टीम ने उन लोगों को नोटिस दिया और उन्हें समझाया ताकि वह अगले दो दिन में अपने नलों पर टेप लगवा लें। विभाग की टीम ने इसके बाद गांव ढांडाखेड़ी के लिए जा रही सप्लाई पर लगाए गए अवैध कनेक्शन भी चैक किए। अवैध कनैक्शन को कटवाया गया। इस विजिट के दौरान कई उपभोक्ताओं द्वारा पेयजल को खेती व सब्जी के लिए उपयोग किया जा रहा था, ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस दिया गया।
रणधीर मताना ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जल संरक्षण अभियान चलाने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक व्यक्ति को मिले 55 लीटर शुद्ध पेयजल करवाना है। इसके लिए विभाग की संयुक्त टीम अभियान के तहत गांव में लीकेज को मौके पर ठीक करवा रही है और अस्वच्छ कनैक्शन को भी पानी की निकासी की नाली से बाहर किए जा रहे है ताकि सभी लोगों तक साफ व स्वच्छ पानी पहुंच सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा