सोनीपत पहुंचने पर हाइड्रोजन ट्रेन का होगा भव्य स्वागत

 


सोनीपत, 13 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री

नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को

हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन के सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसका भव्य

स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर सोनीपत रेलवे स्टेशन पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

होगा, जहां प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से

दिखाया जाएगा।

सोमवार

को कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल

बड़ौली, उपायुक्त नेहा सिंह, विधायक पवन खरखौदा और मेयर राजीव जैन ने रेलवे स्टेशन

का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की

समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

मोहनलाल

बड़ौली ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण,

आत्मनिर्भर भारत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा

कि हाइड्रोजन ईंधन आधारित ट्रेनें स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था

को बढ़ावा देंगी। उनके अनुसार, जींद से इस परियोजना की शुरुआत होना हरियाणा और देश

दोनों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि,

अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल

होकर प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखेंगे तथा ट्रेन का स्वागत करेंगे।

उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उपायुक्त

नेहा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पहले पूरी

कर ली जाएं। उन्होंने बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, बिजली, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात

प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने

रेलवे अधिकारियों और संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि

कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र,

नगराधीश सिमरन, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र

मलिक, राजकुमार कटारिया, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री तथा रेलवे के अधिकारी भी

मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना