झज्जर में बेकाबू टैंकर ने कई वाहनों को मारी टक्कर, तीन मरे,चार घायल
चंडीगढ़, 23 मार्च (हि.स.)। झज्जर में सोमवार की दोपहर हुए हादसे में एक तेज रफ्तार कैंटर ने सात लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा बहादुरगढ़ में दिल्ली-रोहतक रोड पर स्थित आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के मामा चौक पर सोमवार की दोपहर हुआ। चौक की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने सडक़ पार कर रहे दो युवकों को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पहले हादसे के बाद चालक नहीं रुका। पकड़े जाने के डर से कैंटर को और तेज भगाते हुए बाईपास की ओर ले गया। बाईपास पर कैंटर ने एक मोटरसाइकिल को रौंद दिया। इस हादसे में कानोंदा निवासी योगेंद्र (30 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बेकाबू कैंटर ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी। ऑटो में सवार लाइनपार निवासी प्रेम (महिला), उनके पति कृष्ण और चालक जयवीर लहूलुहान हो गए। कई लोगों ने इधर-उधर भाग कर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायल लोगों को उठाकार बहादुरगढ़ सिविल अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अशोक (32) निवासी छपरा (बिहार) और शंभू (22) निवासी छपरा (बिहार) ओर हरियाणा के कानोंदा निवासी योगेन्द्र (30 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। महिला प्रेम को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा