यमुनानगर:ज्वेलर्स काे पुलिस ने उठाया तो भड़के कारोबारी,कार्रवाई न हुई तो सौंपेंगे चाबियां
यमुनानगर, 20 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर शहर में ज्वेलर्स समुदाय ने पुलिस के एंटी बर्गलरी स्टाफ की कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में सोमवार को ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिला और कथित उत्पीड़न के मामलों से अवगत कराया। जिला प्रधान सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कुछ ज्वेलर्स को बिना पूर्व सूचना उनके आवास से उठाकर पूछताछ के नाम पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक मामले में वर्ष 2018-19 की घटना का हवाला देते हुए एक ज्वेलर से कथित रूप से लगभग आठ लाख 60 हजार रुपये मूल्य का सोना रिकवरी के नाम पर लिया गया। इसके अलावा, एक अन्य व्यापारी से करीब चार लाख रुपये मूल्य की चांदी की मांग किए जाने का भी आरोप सामने आया है।
एसोसिएशन का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से इस प्रकार की कार्रवाइयों के कारण व्यापारी वर्ग में असंतोष बढ़ा है। प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय कुछ अपराधी चोरी की वारदातों को अंजाम देकर विभिन्न स्थानों पर आभूषण बेच देते हैं, लेकिन उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। इसके विपरीत, वैध कारोबार करने वाले व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई, तो व्यापारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ज्वेलर्स अपनी दुकानों की चाबियां पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा कर विरोध दर्ज कराएंगे। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, इस संबंध में प्रदेश के उच्च अधिकारियों को भी शिकायत भेजी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार