हरियाणा में जल जीवन मिशन 2.0 का और बेहतर तरीके से हो कार्यान्वयन: सीआर पाटिल

 


केंद्रीय मंत्री ने हरियाणा के सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की ली बैठक

चंडीगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि हरियाणा में जल जीवन मिशन 2.0 का और बेहतर तरीके से कार्यान्वयन किया जाना चाहिए। लोगों को साफ और स्वच्छ पीने का पानी मिले, उनकी यह पहली प्राथमकिता है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन 2.0 से जुड़ी हरियाणा की जो भी योजनाएं उनके समक्ष आएंगी, उन पर विचार किया जाएगा। सीआर पाटिल ने हरियाणा के सभी लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों की बैठक ली। बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री वी.सोमन्ना और केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री व करनाल लोकसभा के सांसद मनोहर लाल, हरियाणा के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी तथा लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे।

उन्होंने सभी सांसदों से एक-एक करके उनके क्षेत्र और प्रदेश से जुड़ी समस्याओं को जाना और आश्वासन दिया कि इन विषयों पर गहनता से निरीक्षण करने के बाद उनका समाधान भी किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि जल जीवन मिशन एक बहुत बड़ी योजना है। इस योजना के अंतर्गत 16 करोड़ घरों तक पानी पहुंचाया गया है। इस योजना का लाभ आम जन तक पहुंचा है।

पाटिल ने कहा कि सरकार ने अलग-अलग परियोजनाओं के लिए राज्य सरकारों को फंड जारी किया हैं। ऐसे में इन परियोजनाओं का काम सही से गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। सांसद अपने क्षेत्र में हो रहे काम की गुणवत्ता पर बारीकी से नजर रखें। उन्होंने कहा कि बारिश में बहुत सा पानी ऐसे ही बह जाता है, हमें अधिक से अधिक वर्षा जल का संचय करना चाहिए। इससे जल बर्बाद होने से बचेगा और हम इसे भविष्य में इस्तेमाल कर सकेंगे। हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 6557 योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई हैं, कुल अनुमानित लागत 4786 करोड़ है। इनमें से 6186 योजनाएं पूरी की जा चुकी है, कुछ योजनाओं पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कुछ जिलों में वाटर लेवल ऊपर आ गया है, ऐसे में पुराने वाटर टेंक टूट गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा