हिसार : पृथ्वी हमारे जीवन का आधार, इसकी सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी : प्रो. बीआर कम्बोज
हकृवि में पौधारोपण कर मनाया गया विश्व पृथ्वी
दिवस
हिसार, 22 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
में विश्व पृथ्वी दिवस पर हमारी ऊर्जा-हमारा ग्रह थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने भू-दृश्य संरचना इकाई द्वारा आयोजित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कल्पना चावला छात्रावास परिसर में जैकरंदा
(नीला गुलमोहर) का पौधा रोपित करके अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पौधारोपण के लिए
प्रेरित किया।
कुलपति प्रो. कम्बोज ने बुधवार काे अपने संबोधन में कहा
कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और पृथ्वी को सुरक्षित रखने
के लिए प्रत्येक वर्ष 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जाता है। ग्लोबल वार्मिंग
के कारण लगातार पृथ्वी के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जिसके कारण अत्यधिक वर्षा,
सूखा, तूफान और बर्फबारी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।
ग्लोबल वार्मिंग का जैव विविधता
पर भी असर पड़ रहा है, जिससे पशु, पक्षियों और पौधों की प्रजातियां विलुप्त हो रही
हैं । कृषि क्षेत्र पर भी इसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है जिससे फसल चक्र प्रभावित हो रहा
है और उत्पादन भी घट रहा है। वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्लास्टिक
का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी ही हमारे जीवन का आधार है, और इसकी सुरक्षा करना
हम सभी की जिम्मेदारी है। पृथ्वी के बिना इंसान का जीवन संभव नहीं है।
भू-दृश्य सरंचना इकाई के अध्यक्ष डॉ. अरविन्द
मलिक ने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम के तहत बरसात के मौसम में विभिन्न प्रजातियों
के पौधे रोपित किए जाएंगे। इस अवसर पर कुलसचिव सहित सभी महाविद्यालयों के अधिष्ठाता,
निदेशक, अधिकारी, वैज्ञानिक व कर्मचारी उपस्थित रहे और पौधारोपण भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर