सिरसा: कन्फेक्शनरी की दुकान से नशीली गोलियां बरामद

 


सिरसा, 08 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र में एक कन्फेक्शनरी की दुकान पर छापेमार कार्रवाई कर हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सिरसा के बेगू रोड स्थित एक कन्फेक्शनरी की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और दुकान मालिक कृष्ण कुमार सहित तीन युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पांच हजार से अधिक प्रतिबंधित नशीली गोलियां कैप्सूल बरामद हुए।

इसके बाद ड्रग कंट्रोल विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी सिरसा निवासी कृष्ण कुमार, राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी पारस और सन्नी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा सीआईए कालांवाली पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान गांव जगमालवाली क्षेत्र से एक युवक को नशीली प्रतिबंधित गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1200 नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियां बरामद की गई है। सीआईए कालांवाली प्रभारी सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस गश्त व चेकिंग के दौरान गांव जगमालवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक प्लास्टिक का थैला लेकर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली गई तो उसके थैले से 1200 नशीली प्रतिबंधित गोलियां बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ कालांवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma