कैथल: खेतों से ट्यूबवेल केबल चोरी के दाे आराेपी काबू, 30 वारदातों का खुलासा
कैथल, 09 सितंबर (हि.स.)। खेतों में लगे ट्यूबवेल की केबल व अन्य सामान चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का सीआईए कलायत पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के खेतों में चोरी की करीब 30 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा तार व अन्य सामान के अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक भी बरामद की गई है।डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि गांव किछाना निवासी मनोज कुमार की शिकायत पर थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 31 अगस्त की रात करीब तीन बजे अज्ञात व्यक्ति उसके अलावा खेत पड़ोसी राजेश और जगबीर के खेतों से ट्यूबवेल की केबल चोरी कर ले गए थे। इससे पहले 28 अगस्त को भी मनोज के खेत से केबल चोरी हुई थी।खेतों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सीआईए कलायत को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की अगुवाई में एचसी देवेंद्र सिंह की टीम ने करीब एक महीने की कड़ी मेहनत के बाद गांव जाखौली निवासी सुरेंद्र और साहिल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी पहले बाइक पर घूमकर खेतों की रेकी करते थे और यह देखते थे कि खेत में किसान या कोई अन्य व्यक्ति मौजूद तो नहीं है। सुनसान खेत चिन्हित करने के बाद रात के समय वहां पहुंचकर ट्यूबवेल की केबल व अन्य सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद सामान को ठिकाने लगाने का काम भी गिरोह के सदस्य मिलकर करते थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कैथल, जींद और करनाल के अलावा पंजाब के खनौरी व पातड़ा तथा हरियाणा सीमा से लगते उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में खेतों से चोरी की करीब 30 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इन वारदातों में ट्यूबवेल की तार, हुक्का तथा खेतों में बने कोठों से अन्य सामान चोरी करना शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी से कैथल जिले में खेतों से तार व अन्य सामान चोरी की आठ वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चोरीशुदा तार व अन्य सामान तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान को खपाने वाले व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे