सिरसा: अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

 


सिरसा, 30 जून (हि.स.)। पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दो आरोपियोंं को गिरफ्तार किया व उनके कब्जे से चोरीशुदा नौ मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने दस बाइक चोरी की वारदातें कबूल की हैं।

डीएसपी सुखबीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों की पहचान राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी सुखचैन व संदीप सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई शहर के मेला ग्राउंड निवासी गुनी राम की शिकायत के आधार पर की गई।

शिकायतकर्ता ने बताया गया दस जून को उसका मोटरसाइकिल नेहरू पार्क, सिरसा से चोरी हो गया । पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ को सौंपी। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी सुखचैन ने सिरसा शहर, रानियां, ऐलनाबाद तथा राजस्थान के हनुमानगढ़ क्षेत्र से दस मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।

उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा नौ मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई हैं। डीएसपी ने बताया कि दूसरे आरोपी संदीप से भी गहन पूछताछ की जा रही है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि शेष चोरीशुदा मोटरसाइकिल की बरामदगी के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma