सोनीपत: फ्री शेयर ट्रेडिंग साइबर ठगी अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार
सोनीपत, 13 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
पुलिस ने फ्री में शेयर मार्केट व शेयर ट्रेडिंग सिखाकर कमाई कराने का लालच देकर
10 लाख 60 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को मुंबई और जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के
कब्जे से सात मोबाइल फोन, 10 चेक बुक और नौ पास बुक बरामद की गई हैं। सोमवार को आरोपी
न्यायालय में पेश किए गए जहां इनको जेल भेज दिया गया है।
जिला
सोनीपत निवासी शिकायतकर्ता ने थाना साइबर में 29 जनवरी 2026 को शिकायत दी कि चार अक्टूबर
2025 को उसके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने व्हाट्सएप पर फ्री में शेयर मार्केट व शेयर
ट्रेडिंग सिखाने का प्रस्ताव दिया और खुद को बहुदेशीय कम्पनी डी प्राइम की साझेदारी
से जुड़ा बताया। बाद में उसे दो व्हाट्सएप समूहों में जोड़ दिया गया। कुछ दिन बाद आरोपियों
ने शेयर मार्केट में निवेश के लिए उकसाया और 20 से 30 प्रतिशत लाभ का लालच दिया। पीड़ित
ने इंडसइंड बैंक खाते से कुल 10 लाख 60 हजार रुपये आरोपियों के खातों में भेज दिए।
आरोपियों ने दावा किया कि कंपनी के साथ समझौते के कारण नुकसान नहीं होगा और नुकसान
होने पर भरपाई करेंगे। बाद में जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने फोन उठाना
बंद कर दिया। जांच में सामने आया कि फर्जी वेबसाइट और फर्जी दस्तावेजों से खाते खुलवाकर
ठगी की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया।
थाना साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों मुंबई निवासी अभिजीत, मुंबई निवासी महेश, कांगड़ा निवासी
राहुल को मुंबई और जयपुर से गिरफ्तार किया और ठगी में प्रयुक्त सामान बरामद किया। सोनीपत पुलिस ने लोगों
से अपील की है कि किसी अंजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें, निवेश से पहले सत्यता
जांचें और अधिक लाभ के लालच में न आएं। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन पर सूचित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना