सोनीपत: अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार
सोनीपत, 02 मार्च (हि.स.)। सोनीपत
में ऑनलाइन ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले
अंतरराज्यीय गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने सोमवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस आयुक्त
ममता सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में गुजरात और राजस्थान के विभिन्न शहरों
में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने सोनीपत निवासी एक व्यक्ति
से 56 लाख 18 हजार रुपये की साइबर ठगी की थी। पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में चार
लाख 68 हजार 608 रुपये फ्रीज कराए हैं।
सेक्टर-8
निवासी गुलशन ने शिकायत में बताया कि मई 2025 में उसे एसबीआई सिक्योरिटीज नामक फर्जी
व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के एडमिन रिचर्ड मेदोंचा और सरोज ने ऑनलाइन ब्लॉक
ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। आईपीओ ओसवाल पंप्स
और कल्पतरु लिमिटेड के नाम पर निवेश की योजना बताई गई। करीब 10-12 दिन तक गतिविधियां
देखने के बाद उसने तीन जून 2025 को ग्रुप ज्वाइन कर निवेश शुरू कर दिया। शुरुआत
में ठगों ने विश्वास जीतने के लिए निवेश पर मुनाफा दिखाया। बाद में एलोकेशन ओवर सब्सक्राइब
दिखाकर निर्धारित राशि जमा कराने को कहा गया। पूरी पेमेंट करने के बाद जब गुलशन ने
रकम निकालने का प्रयास किया तो लो क्रेडिट स्कोर का बहाना बनाकर रुपये ब्लॉक कर दिए
गए और अतिरिक्त दो प्रतिशत राशि जमा कराने का दबाव बनाया गया। जांच करने पर फर्जी वेबसाइट
और दस्तावेजों के आधार पर 56 लाख 18 हजार रुपये की ठगी सामने आई। इस पर साइबर थाना
में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस
प्रवक्ता सहायक उप निरीक्षक रविंद्र सिंह ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अहमदाबाद,
अलवर और जयपुर में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अहमदाबाद निवासी संजीव, अलवर
निवासी राहुल तथा जयपुर निवासी ऋषभ, सचिन, तरुण और विशाल शामिल हैं। पुलिस टीम ने
11 हजार 620 रुपये नकद और बैंक माध्यम से बरामद किए तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोबाइल
फोन कब्जे में लिए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया
गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और खातों की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना