यमुनानगर:अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

 


यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, नियमों का उल्लंघन करने वाले चालक, काली फिल्म लगे वाहन तथा पहचान छिपाकर चलने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन कर शांति भंग करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे कृत्य न केवल कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनते हैं, बल्कि कई बार विवाद और गंभीर घटनाओं को जन्म देते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधों में प्रयुक्त होने वाले वाहनों की पहचान छिपाने के लिए अक्सर नंबर प्लेट हटाई जाती है, जिससे जांच प्रभावित होती है।

इसलिए इस प्रकार के मामलों में विशेष सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। जिला पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त और नियमित जांच के चलते आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगा है। निरंतर चलाए जा रहे इस अभियान से न केवल अपराध नियंत्रण में मदद मिली है, बल्कि आमजन में सुरक्षा की भावना भी सुदृढ़ हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार