हिसार : कुलपति नरसी राम कर रहे समस्त समाज की भावनाओं का अपमान : गौरव सिंह

 


माता अमृता देवी की प्रतिमा का अनावरण न होने

को बताया चाटुकारिता

हिसार, 23 फरवरी (हि.स.)। इनेलो के प्रदेश प्रधान

महासचिव गौरव संपत सिंह ने कहा है कि हिसार स्थित गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

विश्वविद्यालय में एक वर्ष पूर्व स्थापित माता अमृता देवी बिश्नोई जी की प्रतिमा आज

तक कपड़े से ढकी हुई है और उसका अनावरण नहीं किया गया है। यह बिश्नोई समाज ही नहीं,

बल्कि समस्त समाज की भावनाओं का अपमान है।

गौरव संपत सिंह ने साेमवार काे कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति

नरसीराम बिश्नोई द्वारा प्रतिमा का अनावरण केवल मुख्यमंत्री से करवाने की जिद के कारण

यह मामला एक वर्ष से अधिक समय से लंबित है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह

सैनी ने पिछले महीने अनावरण के लिए समय दिया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम

की पूरी तैयारी की, यहां तक कि लगभग 2500 लोगों के भोजन की व्यवस्था भी कर दी गई, लेकिन

मौके पर मुख्यमंत्री ने गुजवि का कार्यक्रम रद्द कर दिया, जबकि हिसार के अन्य कार्यक्रम

रद्द नहीं किए गए। यह माता अमृता देवी जी और पर्यावरण के रक्षकों का गंभीर अपमान है।

गौरव संपत सिंह ने बताया कि इंडियन स्टूडेंट

ऑर्गनाइजेशन (आईएसओ) पिछले छह महीनों से विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन देकर यह मांग

कर रहा है कि प्रतिमा का अनावरण बिश्नोई समाज की किसी बेटी के हाथों कराया जाए। इसके

बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया। मजबूर होकर आईएसओ संगठन ने कुलपति

को 22 तारीख तक का अनावरण का समय दिया था। तय कार्यक्रम अनुसार 23 फरवरी को सर्व समाज

के लोगों के साथ मिलकर आईएसओ के प्रदेश अध्यक्ष साहिलदीप कसवा और उनके साथ अन्य पदाधिकारी

कुलपति कार्यालय प्रदेश के लिए पहुंचे तो के कुलपति ने भारी पुलिस बल बुलाकर प्रदर्शन

कर रहे 36 बिरादरी के सभी लोगों को गिरफ्तार करवाया, जो निंदनीय है। आईएसओ का स्पष्ट

मत है कि किसी भी शिक्षण संस्थान में महान समाज के प्रतीकों का राजनीतिकरण नहीं होना

चाहिए। कुलपति केवल विश्वविद्यालय के प्रबंधन और संचालन के लिए होते हैं, न कि किसी

राजनीतिक सत्ता की चाटुकारिता के लिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों को किसी भी

राजनीतिक या वैचारिक संगठन की बपौती नहीं बनने दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर