समाधान शिविरों में प्राथमिकता से किया जा रहा आमजन की समस्याओं का निवारण : उपायुक्त

 


नूंह, 03 सितंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन की ओर से आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों का लोगों को लाभ मिल रहा है। शिविरों में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इनके निवारण के निर्देश दिए जा रहे हैं।

गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त अखिल पिलानी ने आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उनका निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही, लंबित शिकायतों की समीक्षा कर इनके शीघ्र निवारण के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर जिला प्रशासन और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। इनका उद्देश्य लोगों की समस्याओं को एक ही स्थान पर सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समाधान करवाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

उन्होंने बताया कि सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें जिला स्तर की छह, फिरोजपुर-झिरका की तीन तथा पुन्हाना की एक शिकायत शामिल थी। इन शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। आमजन इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं। उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों की सुनवाई के साथ-साथ उनके निवारण की भी लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया