जींद : खेत में उतर कर डीसी ने परखी डिजिटल क्रॉप सर्वे की हकीकत

 


जींद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उपायुक्त् डा. वैशाली शर्मा ने मंगलवार को गांव बड़ौदी पहुंच कर डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने केवल कार्यालय स्तर पर सर्वे की प्रगति की जानकारी लेने के बजाय स्वयं खेतों में पहुंच कर डिजिटल क्रॉप सर्वे की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से परखा। इस दौरान उन्होंने कई एकड़ खेत में पैदल चल कर खड़ी फसलों का जायजा लिया तथा पटवारियों द्वारा मोबाइल एप पर की जा रही फसल की एंट्री की प्रक्रिया को समझा। निरीक्षण के दौरान जिला राजस्व अधिकारी राजकुमार, तहसीलदार शालिनी लाठर, नायब तहसीलदार बलराम सहित संबंधित पटवारी मौजूद रहे।

डीसी ने खेत में पहुंच कर डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत खड़ी फसल की फोटो मोबाइल एप पर अपलोड कर स्वयं एंट्री दर्ज की। उन्होंने डिजिटल सर्वे में दर्ज किए जा रहे किल्ला नंबर का सीजरा से मिलान किया और मौके पर फसल की वास्तविक स्थिति तथा डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज विवरण का अवलोकन किया। उन्होंने पटवारियों से सर्वे की प्रक्रिया, अब तक की प्रगति और मौके पर आने वाली तकनीकी दिक्कतों के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली।

पटवारियों ने डीसी को बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के दौरान कई बार मोबाइल एप पर लोकेशन से संबंधित तकनीकी परेशानी आती है। इस पर डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस खेत और एकड़ में फसल का सर्वे किया जाना है, पटवारी उसी खेत के अंदर पहुंच कर फसल की फोटो एवं अन्य विवरण दर्ज करें। उन्होंने कहा कि खेत के नजदीक अथवा सड़क पर खड़े होकर सर्वे करने की बजाय संबंधित फसल वाले खेत में पहुंच कर ही एंट्री की जाए ताकि लोकेशन सही तरीके से दर्ज हो

डिजिटल क्रॉप सर्वे के निरीक्षण के बाद डीसी डा. वैशाली शर्मा ने गांव बड़ौदी के राजकीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों, उपस्थिति तथा स्कूल के रजिस्टरों की जांच की। इस दौरान उन्होंने कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों द्वारा प्रश्नों के सही उत्तर दिए जाने पर डीसी ने उनकी पीठ थपथपा कर उनका उत्साहवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा