जींद : मुख्यमंत्री की प्रस्तावित रैली बारे डिप्टी स्पीकर ने किया स्थल निरीक्षण

 


जींद, 30 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित हुडा ग्राउंड का दौरा कर आगामी पांच अप्रैल को प्रस्तावित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धन्यवाद एवं विकास रैली की तैयारियों का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा तथा पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

डिप्टी स्पीकर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए सोमवार को कहा कि रैली के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण किए जाएं ताकि आयोजन सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित है, उनकी सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने रैली में आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभा स्थल पर अस्थायी शौचालयों की समुचित व्यवस्था, स्टेज, पर्याप्त पेयजल उपलब्धता तथा पंडाल में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए बैठने की व्यवस्थाए गर्मी से आमजन के बचाव के लिए पंखों एवं कूलरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त पार्किंग एवं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी सड़कों पर आवश्यक पैचवर्क कार्य समय रहते पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां-जहां स्ट्रीट लाइट्स खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए तथा जहां स्ट्रीट लाइट्स नहीं लगाई हैं, वहां आवश्यकतानुसार नई लाइट्स लगाई जाएं। उन्होंने बताया कि दो अप्रैल को कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल निर्धारित है। इसलिए उससे पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित मांगों की फिजिबिलिटी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंए ताकि आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा